हर घर तिरंगा डिप्टी सीएम के नेतृत्व में लोरमी में निकाली गई तिरंगा यात्रा

मुंगेली, 13 अगस्त 2026/sns/- देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में “हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ” अभियान के तहत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोरमी नगर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। मानस मंच से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री साव ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और नगरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता निभाई। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने का संदेश देती हुई आगे बढ़ी। लोरमी की सड़कों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कल्याण एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आवागमन सुगम बनाने के लिए 11 दिव्यांग हितग्राहियों को पेट्रोल चलित तिपहिया स्कूटी का वितरण किया गया। उप मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को स्कूटी की चाबी सौंपी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से दिव्यांगों को अपने आवागमन के लिए साधन मिल गया है। कहीं आने-जाने के लिए अब इन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ये सभी दिव्यांगजन स्कूटी मिलने से जिले के विकास में योगदान देंगे। स्कूटी मिलने पर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने वाला महत्वपूर्ण सहयोग बताया। साथ ही वन विभाग को स्नेक कैचर प्रदान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी निष्ठा, एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व को हर्षाेल्लास के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है। तिरंगा यात्रा में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

About The Author