कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की
राजनांदगांव, 13 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक ली। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों, हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा जनसमस्याओं के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सचिवों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ ही बिजली के खर्च में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योजना है। इससे हितग्राहियों को बिजली खर्च में बचत के साथ आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 4 हजार 836 से अधिक मकानों में सौर ऊर्जा रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। सौर ऊर्जा के माध्यम से हितग्राही स्वयं बिजली का उत्पादन कर रहे हैं और अतिरिक्त बिजली से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने तथा ग्रामीणों एवं पात्र हितग्राहियों को योजना के लाभ की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों को योजना के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ा जाए। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को अपने क्षेत्र के स्कूल परिसरों में पौधरोपण सुनिश्चित करने तथा पौधों की देखरेख एवं संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोडऩे के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा यात्रा आयोजित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ताविहीन एवं अनियमितता पाए जाने पर संबंधित इंजीनियर और सचिवों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने तथा निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण से संबंधित हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
कलेक्टर ने पंचायत स्तर पर संचालित अन्य शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ग्राम पंचायत सचिव ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं, इसलिए वे योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं और ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जिले के ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित थे।