देशभक्ति की भावना और उत्साह के साथ निकली तिरंगा यात्रा

दुर्ग, 13 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आम नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान जागृत करने के उद्देश्य से जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा यात्रा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शासकीय झाडूराम देवांगन विद्यालय (हिन्दी भवन के सामने) मैदान से प्रारंभ होकर इंदिरा मार्केट रोड होते हुए शहीद चौक दुर्ग में समापन हुई। अति उत्साह के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा की दो किलोमीटर पैदल रैली में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक व छ.ग. राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर, नगर निगम दुर्ग की महापौर श्रीमती अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे एवं श्री सुरेन्द्र कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, अधिकारी/कर्मचारी एवं शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह यात्रा जेआरडी स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर इंदिरा मार्केट रोड होते हुए शहीद चौक दुर्ग पहुंची। यहां पर राष्ट्र गीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत गायन के साथ संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों, अधिकारी/कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने साथ में राष्ट्रध्वज लेकर उत्साह से भाग लिया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया। रैली में शामिल लोगों ने देश-भक्ति भावना से ओत-प्रोत देश-भक्ति के नारे लगाये। केन्द्रीय संसदीय मंत्रालय तथा छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर वंदे मातरम् की 150 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जवाहर लाल नेहरू सेजेस विद्यालय खुर्सीपार की बैंड टोली के छात्रों ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए रैली में मार्चपॉस्ट किया।  

About The Author