सुकमा में राष्ट्रप्रेम और उत्साह के साथ संपन्न हुई जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़
सुकमा, 14 अगस्त 2026/sns/- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सुकमा एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। प्रातः 07ः30 बजे दंतेवाड़ा रोड चौक से शुरू हुई दौड़ में बच्चों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पटनम पारा चौक एवं बस स्टैंड होते हुए निर्धारित मार्ग पर दौड़ लगाते हुए मिनी स्टेडियम सुकमा पहुंचकर आयोजन का समापन किया। पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला।
आयोजन में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, नगर पालिका सुकमा अध्यक्ष श्री हूंगाराम मरकाम, अपर कलेक्टर श्री शबाब खान, एसडीएम श्री सूरज कश्यप, जिला शिक्षाधिकारी श्री जीआर मंडावी, प्रभारी खेल अधिकारी श्री कैलाश कश्यप, पार्षद श्री रंजीत बारठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन का उत्साह बढ़ाया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस स्वतंत्रता दौड़ ने सुकमा में राष्ट्रप्रेम की सामूहिक भावना को नई ऊर्जा दी। बच्चों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को विशेष रूप से जीवंत बनाया तथा नागरिकों को देश के प्रति समर्पण, एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रेरक संदेश दिया।
स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से जिला प्रशासन ने राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया। आयोजन की सफलता ने यह संदेश मजबूत किया कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को स्मरण करने और समाज में एकता की भावना को सशक्त करने का अवसर भी है। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, संस्थाओं, प्रतिभागियों एवं जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा “स्वतंत्रता की भावना के साथ एक कदम देश के नाम बढ़ाएं और सशक्त, स्वस्थ एवं एकजुट भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।”