कभी बंदूक की गोलियों की आवाज से सहम जाते थे बच्चे
मोहला, 17 अगस्त 2026/sns/- कभी नक्सल गतिविधियों के साये में रहने वाले जिले के दूरस्थ गांवों के बच्चों के लिए इस बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव कुछ अलग और खास रहा। जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की गोलियों की आवाज बच्चों को सहमा देती थी, वहीं आज उन्हीं बच्चों ने जिला मुख्यालय मोहला में तिरंगे को शान से लहराते, जवानों की अनुशासित कदमताल और भव्य परेड को करीब से देखा। परेड में शामिल सशस्त्र बलों के जज्बे और राष्ट्रध्वज को दी गई सलामी ने बच्चों के चेहरों पर उत्साह और मुस्कान बिखेर दी। यह दृश्य बदलते मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में भय से विश्वास और दूरी से संवाद की ओर बढ़ते कदमों की जीवंत तस्वीर पेश करता नजर आया। जिला पुलिस की पहल ऑपरेशन विश्वास के तहत परवीडीह, पीटेमेटा, नवागढ़, बुकमरका, मुचर और कोहकाटोला के शासकीय प्राथमिक शालाओं के बच्चों को जिला मुख्यालय मोहला लाया गया था। बच्चों ने पहली बार जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह, भव्य परेड और पुलिस की विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से देखा। यह अनुभव उनके लिए केवल समारोह में शामिल होने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बदलते माहौल और पुलिस-प्रशासन के साथ बनते नए विश्वास को महसूस करने का अवसर भी बना। जिला मुख्यालय के परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। समारोह में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दूरस्थ क्षेत्रों से आए बच्चों ने न केवल स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को करीब से देखा, बल्कि पुलिस और प्रशासन के साथ सीधे संवाद का अनुभव भी प्राप्त किया। समारोह के दौरान जब बच्चों ने अनुशासित कदमताल के साथ जवानों की भव्य परेड देखी, तो उनके चेहरों पर उत्सुकता और खुशी साफ नजर आई। उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन विश्वास का उद्देश्य पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की नई पीढ़ी को भय और नकारात्मकता के माहौल से बाहर निकालकर शिक्षा, विकास, संस्कृति, राष्ट्रसेवा और सकारात्मक सोच की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस पहल के तहत बच्चों को जिला मुख्यालय लाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल कराना इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी रही। मोहला में मनाया गया यह स्वतंत्रता दिवस बच्चों के लिए तिरंगे की शान, परेड की भव्यता और पुलिस के साथ बने नए रिश्ते की ऐसी याद छोड़ गया, जो “ऑपरेशन विश्वास” के उद्देश्य को सार्थक करती नजर आई।
सांसद ने बच्चों से की आत्मीय बातचीत
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ऑपरेशन विश्वास के तहत आए बच्चों से मुलाकात कर उनसे आत्मीय बातचीत की। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ संवाद किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, सकारात्मक सोच रखने तथा देश और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
- पुलिस को करीब से जाना, कैमरे में कैद हुआ नया विश्वास
बच्चों के लिए समारोह स्थल पर पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। यहां बच्चों को डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम, साइबर अपराध से बचाव और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित कार्यवाही की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” सेल्फी प्वाइंट बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। तस्वीरों में दर्ज ये पल पुलिस और बच्चों के बीच बनते विश्वास और अपनत्व की कहानी बयां करते नजर आए।