स्वामित्व योजना एवं एग्रीस्टेक पंजीयन में लाएं तेजी- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति
मोहला, 17 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पटवारी, राजस्व निरीक्षक, आरएईओ सहित अन्य मैदानी कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य रूप से स्वामित्व योजना अंतर्गत निर्मित एवं वितरित अधिकार अभिलेख तथा एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने दोनों कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें।
बैठक में राजस्व एवं कृषि विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति के साथ-साथ दोनों विभागों में लंबित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की। स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान खराब प्रगति वाले पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति सुनिश्चित करें तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करें। उन्होंने स्वामित्व योजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को पंजीयन के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए डोर-टू-डोर संपर्क, मुनादी तथा विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदानी स्तर पर व्यापक अभियान चलाकर किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन के महत्व की जानकारी दें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी किसान पंजीयन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन होने से किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा योजनाओं का लाभ लेने के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि स्वामित्व योजना एवं एग्रीस्टेक पंजीयन दोनों महत्वपूर्ण कार्य हैं। इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य करें और उसकी नियमित समीक्षा करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करें। कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें।