धरती आबा- जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत तकनीकी सहयोगी

मोहला, 17 अगस्त 2026/sns/- धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामुदायिक वन संसाधन के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन योजना तैयार करने के लिए जिले में कार्यरत योग्य तकनीकी सहयोगियों, सिविल सोसाइटी ऑर्गेनाइजेशन्स एवं स्थानीय संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित संस्थाओं को ग्राम सभाओं के क्षमता विकास, वन भूमि सर्वेक्षण एवं संसाधनों की मैपिंग सहित लघु वनोपज प्रबंधन, जैव विविधता मैपिंग तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति को तकनीकी हैंडहोल्डिंग सहयोग प्रदान करना होगा।

  • ये संस्थाएं होंगी पात्र

आवेदन करने वाली संस्था द्वारा वन अधिकार अधिनियम के तहत ग्राम सभाओं को आजीविका संवर्धन एवं वन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग किया गया होना आवश्यक है। संस्था का सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 अथवा राज्य सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत होना चाहिए। इसके अलावा सार्वजनिक ट्रस्ट या कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत गैर-लाभकारी संस्था भी आवेदन कर सकती है।
संस्था का गत वर्ष तक का वित्तीय ऑडिट पूर्ण होना तथा नीति आयोग के दर्पण पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य है। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य के किसी भी जिले अथवा विकासखंड में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के क्रियान्वयन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव आवश्यक है। अनुभव सामुदायिक वन अधिकारों की मान्यता, सीमांकन, मानचित्रण एवं प्रबंधन से संबंधित होना चाहिए।
संस्था के चयन के लिए संबंधित ग्राम सभा का लिखित अनुमोदन अथवा सहमति प्रस्ताव भी अनिवार्य किया गया है।

  • आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त

इच्छुक एवं पात्र संस्थाएं अपने समस्त दस्तावेज, अनुभव प्रमाण-पत्र तथा संबंधित ग्राम सभा के लिखित अनुमोदन प्रस्ताव के साथ निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। आवेदन कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला-मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, छत्तीसगढ़ में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों की पात्रता की समीक्षा एवं चयन जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति द्वारा 1 सितंबर 2026 को किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

About The Author