पीएम आवास योजना और वीबी जी रामजी की समीक्षा बैठक
सुकमा, 19 अगस्त 2026/sns/- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर ने वीबी-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले भर में संचालित कार्यों की वास्तविक स्थिति, लंबित आवासों और हितग्राहियों को मिलने वाली किस्तों के भुगतान की बिंदुवार समीक्षा की गई। सीईओ ने मैदानी अमले को दो-टूक निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों में गति लाने और ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने के लिए आवास मित्रों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को प्रतिदिन मस्टररोल जनरेट करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों में लंबित प्रथम किस्त का शत-प्रतिशत भुगतान कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने और द्वितीय किस्त प्राप्त कर चुके निर्माणाधीन आवासों को तेजी से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रथम किस्त के बाद वीबी-जी राम जी के तहत मस्टररोल जोड़कर पात्र हितग्राहियों को आवास के साथ-साथ सुनिश्चित रोजगार का दोहरा लाभ दिया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना और वर्ष 2016 से 2023 तक के पुराने लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर हर हाल में 30 अगस्त तक पूर्ण कराने की सख्त समय-सीमा तय की गई है। सीईओ ने सभी अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसका पक्का आशियाना समय पर मिल सके और सभी लंबित मामलों का त्वरित निराकरण हो।