इण्डिया स्किल कॉम्पीटिशन हेतु पंजीयन प्रारंभ

बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026/sns/- भारत सरकार द्वारा इंडिया स्किल कॉम्पीटीशन 2026-27 हेतु 63 स्किल्स में कौशल प्रतियोगिता के लिए युवाओं का पंजीयन प्रारंभ कर दिया गया है। प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु युवा अपना पंजीयन केवल स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल के माध्यम से 31 अगस्त 2026 तक कर सकते हैं। यह प्रतियोगिता देश के युवाओं को उभरती प्रौद्योगिकियों, उद्योगों की आवश्यकताओं तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न कौशलों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। जिले के कौशल विकास प्रशिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) पॉलीटेक्निक्स, इंजीनियरिंग महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कराकर उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु युवा की न्यूनतम आयु 16 वर्ष होना अनिवार्य है। सामान्य श्रेणी के लिए अधिकतम आयु सीमा के अंतर्गत युवा का जन्म 1 जनवरी 2006 अथवा उसके पश्चात होना चाहिए। वहीं 13 स्किल्स के लिए अधिकतम आयु सीमा के अंतर्गत युवा का जन्म 01 जनवरी 2003 अथवा उसके पश्चात होना चाहिए जिसमें डिजिटल कंस्ट्रक्शन, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, आईसीटी नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री 4.0 8. मेक्ट्रोनिक्स, ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी, रोबोट सिस्टम इंटीग्रेशन, वाटर टेक्नॉलॉजी, डेंटल प्रोस्थेटिक व एयरक्राफ्ट मेंटेनेंसी शामिल हैं। जिले के युवा निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीयन कर प्रतियोगिता में सहभागिता तथा कौशल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त कर सकते है।

About The Author