विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों ने लिया विकसित भारत ग्राम का संकल्प
बलौदाबाजार-भाटापारा, 20 अगस्त 2026/sns/-जिले की सभी ग्राम पंचायतों में गुरुवार को जनसंवाद 2.0 विकसित भारत ग्राम संकल्प के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे ग्रामीणों को विकसित भारत-ज़ी राम जी अधिनियम 2025 से संबंधित अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। विशेष ग्राम सभा के दौरान मेरा गांव-मेरी प्राथमिकता गतिविधि के माध्यम से ग्रामीणों से गांव में आवश्यक विकास कार्यों के संबंध में उनकी प्राथमिकताएं जानी गई। इसके लिए जल संरक्षण, फार्म पॉण्ड, वृक्षारोपण, ग्रामीण सड़क, आजीविका आधारित कार्य तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों जैसे विषयों पर ग्रामीणों ने अपनी पसंद दर्ज की। प्राप्त मतों के आधार पर सर्वाधिक प्राथमिकता वाले तीन विकास कार्यों की पहचान कर उन्हें ग्राम सभा में साझा करने की व्यवस्था की गई।
125 दिवस रोजगार-मेरा अधिकार का दिलाया गया संकल्प-ग्राम सभा में ग्रामीणों को रोजगार, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी से जुड़े अधिकारों की जानकारी देने के साथ “125 दिवस रोजगार-मेरा अधिकार” विषय पर सामूहिक शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने गांव के विकास कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदारी करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों के सुझावों से तैयार होगी ग्राम विकास की दिशा-विकसित भारत संदेश कार्ड के माध्यम से प्रत्येक परिवार से गांव में अपेक्षित विकास एवं बदलाव के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए गए। ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों को संकलित कर भविष्य में विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने में उपयोग किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्राम पंचायत की विकास योजना में स्थानीय आवश्यकताओं और ग्रामीणों की अपेक्षाओं को शामिल करना है।
विशेष ग्राम सभा में जनता पूछे-पंचायत जवाब दे संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को रोजगार की मांग की प्रक्रिया, 125 दिवस रोजगार गारंटी, मजदूरी भुगतान व्यवस्था, शिकायत निवारण तथा विकसित ग्राम पंचायत योजना जैसे विषयों पर सवाल पूछने एवं अपनी जिज्ञासाएं रखने का अवसर मिला। पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों एवं संबंधित कार्मिकों द्वारा प्रश्नों के उत्तर सरल भाषा में दिए गए तथा महत्वपूर्ण प्रश्नों एवं उत्तरों को ग्राम सभा की कार्यवाही में दर्ज करने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ “मेरा गांव-मेरा संकल्प” एवं “विकसित भारत-हमारा लक्ष्य” का सामूहिक संदेश दिया। ग्राम सभा में ग्रामीण विकास और राष्ट्र निर्माण को एक-दूसरे से जोड़ते हुए मेरा गांव-मेरा संकल्प, विकसित भारत की मजबूत नींव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।