सेवा सेतु से सेवा हुई सरल समय पर मिले प्रमाण पत्र से साकार हुआ शिक्षा का सपना
दुर्ग, 20 अगस्त 2026/sns/- सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इसका लाभ विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी मिल रहा है। समय पर आवश्यक प्रमाण पत्र एवं दस्तावेज मिलने से विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश के दौरान होने वाली परेशानियां आसान हो रही हैं।
भिलाई निवासी श्रद्धा कुमारी रामटेके, पिता रामकुमार के आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज था। नाम में सुधार के लिए गजट प्रकाशन की आवश्यकता थी। पिता रामकुमार ने अपनी बेटी के नाम में सुधार के लिए सेवा सेतु केंद्र, जोन-3 के माध्यम से गजट प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी कराई। ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से उन्हें गजट प्रकाशन समय पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद आधार में नाम संशोधन कराया जा सका। इससे उनकी बेटी के कॉलेज प्रवेश में आ रही समस्या समय रहते दूर हो गई। श्रद्धा कुमारी रामटेके ने बताया कि पहले गजट प्रकाशन की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता था, लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन सुविधा मिलने से उनकी परेशानी काफी कम हुई। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सुविधा होने से मेरा बहुत समय बचा और मुझे इधर-उधर नहीं जाना पड़ा। घर बैठे ही प्रमाण पत्र एवं आवेदन की जानकारी व्हाट्सएप और मैसेज के माध्यम से मिलती रही, जिससे मेरा काम आसानी से पूरा हो गया।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हो रही हैं। आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ नागरिकों को अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी भी आसानी से मिल रही है। ऑनलाइन सुविधा से समय और श्रम की बचत हो रही है तथा लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सेवा सेतु पोर्टल सरल सेवा और खुशहाल छत्तीसगढ़ की दिशा में एक मजबूत कदम है। समय पर प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज मिलने से विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के रास्ते आसान हो रहे हैं और नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है।