कलेक्टर ने परखी डिजिटल गिरदावरी और आयुष्मान शिविरों की जमीनी हकीकत

सुकमा, 24 अगस्त 2026/sns/- जिला प्रशासन की जनकल्याणकारी और सुशासन की एक प्रेरक तस्वीर सोमवार को सुकमा जिले में देखने को मिली। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने छिंदगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों का सघन फील्ड भ्रमण कर विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण किया। अपने इस दौरे के दौरान वे पालेम, कावराकोपा, पेरमारास और टाहकवाड़ा जैसे गांवों में सीधे जनता के बीच पहुंचे और धरातल पर योजनाओं की वास्तविक प्रगति का जायजा लिया।
पालेम पंचायत में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविर के दौरान कलेक्टर का संवेदनशील और जनहितैषी स्वरूप खुलकर सामने आया। स्वास्थ्य अमले से पंजीयन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी लेने के उपरांत उन्होंने स्वयं कंप्यूटर पर बैठकर हितग्राही देवे वेट्टी का विवरण दर्ज किया। कलेक्टर ने न केवल पोर्टल में जरूरी विवरण की प्रविष्टि की, बल्कि हितग्राही का फोटो भी स्वयं खींचा। जिले के सर्वाेच्च प्रशासनिक अधिकारी की इस पहल ने उपस्थित ग्रामीणों का दिल जीत लिया और उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में इस निरूशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा कवच से जुड़ने हेतु प्रेरित किया।
प्रशासनिक पारदर्शिता और तकनीक आधारित व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में कलेक्टर ने कावराकोपा गांव में संचालित “डिजिटल क्रॉप सर्वे“ (गिरदावरी) का भी स्थल निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि खेतों में खड़े होकर जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करने की ऑनलाइन प्रणाली से गिरदावरी कार्य में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और फर्जीवाड़े की गुंजाइश पूरी तरह समाप्त हो गई है। इसके बाद उन्होंने एसडीएम छिंदगढ़ श्री पी.वी. खेस की उपस्थिति में पेरमारास और टाहकवाड़ा में चल रहे शिविरों की व्यवस्थाएं भी जांचीं।
सुकमा जिले के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा गांव-गांव में मेगा आयुष्मान शिविरों का आयोजन अभियान स्तर पर किया जा रहा है। छिंदगढ़ विकासखंड के प्रत्येक गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। उच्च अधिकारियों की सक्रिय फील्ड मौजूदगी और जनसेवा के प्रति इस समर्पण से न केवल प्रशासनिक अमले में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, बल्कि ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति गहरा विश्वास भी स्थापित हो रहा है।

About The Author