महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त से श्रीमती कुमुद के घर आई रक्षाबंधन की खुशियां
राजनांदगांव, 27 अगस्त 2026/sns/- महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उनके परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक बन रही है। योजना की 31वीं किस्त रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलने से राजनांदगांव के शीतला मंदिर के पास निवासरत श्रीमती कुमुद के लिए त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं। श्रीमती कुमुद ने बताया कि महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में उन्हें एक हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई है। रक्षाबंधन के पहले राशि मिलने से उन्होंने अपने भाइयों के लिए राखी और मिठाई खरीदी है। उन्होंने कहा कि इस राशि से अपने भाइयों के साथ रक्षाबंधन का पर्व खुशी और उत्साह के साथ मनाएंगी। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से पहले भी प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और दवाइयां खरीदने में किया है। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में उनके लिए उपयोगी साबित हो रही है।
श्रीमती कुमुद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भाई के रूप में महिलाओं को रक्षाबंधन का उपहार दिया है। उन्होंने महतारी वंदन योजना की राशि के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, विष्णु भैया भाई के रूप में हमन ला गिफ्ट भेजे है, विष्णु भैया ल धन्यवाद। महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली यह आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए न केवल आर्थिक संबल बन रही है, बल्कि त्योहारों और पारिवारिक अवसरों को भी खुशियों के साथ मनाने का माध्यम बन रही है।