दलपत सागर के कायाकल्प की तैयारी एनएमडीसी नगरनार और नगर निगम के बीच हुआ एमओयू

जगदलपुर, 31 अगस्त 2026/sns/- बस्तर की ऐतिहासिक धरोहर दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर और जलकुंभी मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल मार्गदर्शन और जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव व  महापौर श्री संजय पाण्डे के सतत प्रयासों के फलस्वरूप जगदलपुर नगर निगम और एनएमडीसी नगरनार इस्पात संयंत्र के मध्य एक महत्वपूर्ण एमओयू संपन्न हुआ है। इस समझौते के तहत एनएमडीसी नगरनार द्वारा अपने सीएसआर मद से दलपत सागर के संरक्षण और सफाई कार्य के लिए कुल 50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से प्रथम चरण के कार्यों के लिए 20 लाख रुपए की पहली किस्त जारी भी कर दी गई है।

दलपत सागर में लंबे समय से फैली जलकुंभी नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए गहरी चिंता का विषय बनी हुई थी। अब इस वित्तीय सहयोग के जरिए जगदलपुर नगर निगम पूरी कार्ययोजना के साथ सघन सफाई अभियान चलाएगा, जिससे जलकुंभी को हटाकर इस विशाल सरोवर को उसका नैसर्गिक स्वरूप लौटाया जा सके। एमओयू के दौरान कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा और एनएमडीसी नगरनार की ओर से अधिशासी निदेशक श्री टीपी सिंह, मुख्य महाप्रबंधक श्री बान सिंह यादव,  सहायक महाप्रबंधक श्री विनोद पांडे उपस्थित रहे।

About The Author