सुकमा विकासखंड में 2 सितंबर को मेगा आयुष्मान कैंप
सुकमा, 01 सितम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 02 सितंबर बुधवार को सुकमा नगरपालिका के सभी वार्डों एवं सुकमा ब्लॉक के सभी ग्रामों में मेगा आयुष्मान कैंप आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार आयोजित विशेष अभियान के तहत नागरिकों को योजना की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। कैंप का आयोजन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सुविधानुसार इसका लाभ उठा सकें।
अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार संबंधी लाभों की जानकारी दी जाएगी। योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा मिलती है। आयुष्मान कार्ड स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण दस्तावेज है, ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का अभी तक कार्ड नहीं बना है, वे इस विशेष अभियान में अपना कार्ड अवश्य बनवाएं।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने नजदीकी कैंप स्थल पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। आधार कार्ड एवं राशन कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। मेगा आयुष्मान कैंप के जरिए शासन की स्वास्थ्य सुरक्षा योजना को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित न रहे।