नियम विरुद्ध व्यापार पर उर्वरक एवं कीटनाशी विक्रेताओं पर कार्रवाई
मोहला, 1 सितंबर 2026/sns/- खरीफ वर्ष 2026 में जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग की सुनियोजित कार्ययोजना के तहत जिले के पंजीकृत कृषकों को उर्वरकों का शत-प्रतिशत वितरण किया गया है। वर्तमान में जिले की समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भंडारित है। किसानों को उच्च गुणवत्ता के कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विक्रय केंद्रों की सतत निगरानी एवं निरीक्षण किया जा रहा है। जिले में अब तक 94 सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। अनियमितता पाए जाने पर 30 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि 5 केंद्रों में उर्वरक की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी प्रकार 21 पौध संरक्षण औषधि केंद्रों का निरीक्षण किया गया। विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 8 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं बिना वैध दस्तावेज के कीटनाशक विक्रय पाए जाने पर 3 केंद्रों में जब्ती एवं बिक्री प्रतिबंध की कार्रवाई की गई है। विक्रय केंद्रों में अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश, 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत तथा कीटनाशी विक्रेताओं के विरुद्ध कीटनाशी अधिनियम, 1968 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। कृषि रसायनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उर्वरक एवं कीटनाशकों के नमूने लिए जाकर प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।
- नैनो उर्वरकों एवं संतुलित कृषि पद्धति अपनाने की सलाह
मौसम की अनुकूलता को ध्यान में रखते हुए नैनो उर्वरकों के उपयोग तथा संतुलित एवं समन्वित कृषि पद्धति अपनाने के संबंध में प्रक्षेत्र स्तर के अधिकारियों द्वारा किसानों को आवश्यक जानकारी दी जा रही है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को कृषि रसायनों की खरीदी पंजीकृत संस्थानों एवं अधिकृत विक्रय केंद्रों से करने की सलाह दी जा रही है, ताकि उन्हें उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान प्राप्त हो सकें। विभाग ने किसानों से अपील की है कि उपज बढ़ाने संबंधी भ्रामक प्रचार एवं अवैध तरीके से कृषि आदानों की बिक्री के झांसे में न आएं। डोर-टू-डोर कृषि आदानों की खरीदी से सावधान रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल विभागीय अधिकारियों को सूचित करें।
क्रमांक-09/03 आर्य —
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर मिनी स्टेडियम मोहला में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
- कबड्डी, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं में 180 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा मोहला, 1 सितंबर 2026। हॉकी के जादूगर एवं भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन मिनी स्टेडियम, मोहला में उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष, जनपद पंचायत मानपुर श्रीमती पुष्पा मंडावी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी श्री दुकालू राम ध्रुव तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री योग दास साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के समस्त व्यायाम अनुदेशक एवं तीनों विकासखंडों के क्रीड़ा प्रभारी भी शामिल हुए। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महिला एवं पुरुष वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामूहिक खेलों के अंतर्गत कबड्डी एवं वॉलीबॉल तथा एकल खेलों में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं लंबी कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में जिले के तीनों विकासखंडों से निर्धारित खेल विधाओं में कुल 180 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। समापन समारोह में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिया गया। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं एवं विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।