चक्रधर समारोह में आने वाले कलाकारों के लिए रेलवे स्टेशन पर रहेगी विशेष व्यवस्था कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी
रायगढ़, 2 सितम्बर 2026/sns/- 41 वें चक्रधर समारोह-2026 को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जारी है। 14 से 23 सितंबर तक स्थानीय रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह में देश-प्रदेश के नामचीन कलाकारों का आगमन होगा। कलाकारों के रायगढ़ पहुंचने से लेकर उनके सुगम आवागमन और आवश्यक समन्वय तक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं चक्रधर समारोह समिति के अध्यक्ष श्री मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए आदेश जारी किया है।
कलाकारों के रायगढ़ आगमन पर उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और रेलवे स्टेशन से ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सके, इसके लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-01 पर 14 से 23 सितंबर तक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं आवश्यक समन्वय के लिए श्री मनोज कुमार पटेल, सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
तीन पालियों में तैनात रहेंगे अधिकारी-कर्मचारी
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों की ड्यूटी तीन पालियों में निर्धारित की गई है। प्रथम पाली सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा तृतीय पाली रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगी। इस दौरान तैनात कर्मचारी स्टेशन पर पहुंचने वाले कलाकारों से समन्वय करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएंगे। प्रथम पाली की जिम्मेदारी श्री खेमराज पटेल, राजस्व निरीक्षक (नजूल शाखा), पटवारी श्री सुधीर पण्डा एवं चैनमेन श्री योगेन्द्र सिंह ठाकुर को सौंपी गई है। द्वितीय पाली में श्री छबीकरण उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक (नजूल शाखा), पटवारी श्री शुक्ला कुमार प्रधान एवं हरिनारायण यादव तथा तृतीय पाली में श्री नूतन प्रसाद पैंकरा, राजस्व निरीक्षक, पटवारी श्री अभिषेक साहू एवं श्री नीरज कुमार पैंकरा को दायित्व दिया गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि समारोह में आने वाले कलाकारों को रायगढ़ पहुंचने के बाद किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।