मुंगेली मितान कॉल सेंटर: मुछेल गांव में फिर रोशन हुए घर
मुंगेली, 02 सितंबर 2026/sns/- जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में संचालित मुंगेली मितान कॉल सेंटर शासन-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। लोरमी विकासखंड के ग्राम पंचायत मुछेल में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करते हुए महज 06 दिनों के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। ग्राम मुछेल में पुराने ट्रांसफॉर्मर के खराब हो जाने के कारण कई दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित थी। बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीणों को दैनिक घरेलू कार्यों, पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर आवेदक संदीप कुमार द्वारा मुंगेली मितान कॉल सेंटर में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विद्युत विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की। विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण कर खराब ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराया गया, जिसके बाद गांव में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो गई। नया ट्रांसफॉर्मर लगने के बाद मुछेल गांव में बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई। घरों में नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों को राहत मिली, पेयजल व्यवस्था सुचारू हुई और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला। दैनिक कार्यों में भी ग्रामीणों को सुविधा प्राप्त हुई। ग्रामीणों ने समस्या का समयबद्ध समाधान किए जाने पर प्रशासन एवं विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
समस्या हो तो मुंगेली मितान से करें संपर्क
किसी भी शासकीय योजना से संबंधित समस्या, जनसुविधा से जुड़ी परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला प्रशासन द्वारा संचालित मुंगेली मितान कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9406275513, 9406275514, 8641002203, 9406275534 एवं 9406275535 पर संपर्क किया जा सकता है।