बस्तर संभाग में शिक्षक दिवस पर सजेगा सम्मान का मंच

जगदलपुर, 02 सितम्बर 2026/sns/- शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर 05 सितम्बर 2026 को बस्तर संभाग के मेधावी और समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करने की व्यापक तैयारी पूरी कर ली गई है। संयुक्त संचालक बस्तर संभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना अंतर्गत 2026’ का संभागीय समारोह जगदलपुर स्थित श्यामाप्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में संभाग के सातों जिलों से चयनित कुल 74 प्राचार्यों, प्रधान पाठकों और व्याख्याताओं को उनके उत्कृष्ट अध्यापन और शिक्षा के उन्नयन में दिए गए अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों को मंच पर अलंकृत किया जाएगा। इसके तहत संभाग के प्रत्येक जिले से एक-एक उत्कृष्ट प्राचार्य का चयन किया गया है, जिसमें बस्तर से श्रीमती मनोरमा बौद्ध, बीजापुर से श्री राधेश्याम कुलदीप, दंतेवाड़ा से श्रीमती शैफाली भदौरिया, कांकेर से श्री टिकेश्वर सिंह ठाकुर, कोण्डागांव से श्री महावीर जायसवाल, नारायणपुर से श्री गणेश प्रसाद दुग्गा और सुकमा से श्री सहदेव सिंह शामिल हैं। इसके अतिरिक्त संभाग के 7 जिलों के सभी 32 विकासखंडों से जमीनी स्तर पर शिक्षा की अलख जगा रहे 32 प्राथमिक शाला और 32 माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों, यानी कुल 64 संस्था प्रमुखों को उनके अनुकरणीय शैक्षणिक नेतृत्व के लिए चुना गया है।  
इसी क्रम में संभाग स्तरीय चयन समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर उत्कृष्ट अध्यापन कार्य करने वाले तीन व्याख्याताओं को प्रतिष्ठित ‘शिक्षा श्री’ अलंकरण प्रदान किया जाएगा। इस विशेष सम्मान के लिए कांकेर जिले से श्री कौशल कुमार मंडावी व श्री यशवंत जैन तथा कोण्डागांव जिले से कु० हेमा कश्यप का चयन हुआ है।

About The Author