जल जीवन मिशन के तहत नल जल मित्र प्रशिक्षण के लिए हितग्राहियों को किया गया प्रेरित

बीजापुर, 03 सितम्बर 2026/sns/-जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्य पूर्ण ग्रामों में नल जल व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं रखरखाव को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम सचिवों एवं इच्छुक हितग्राहियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बीजापुर के मार्गदर्शन में बीजापुर, भैरमगढ़, भोपालपटनम एवं उसूर जनपद पंचायतों में आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा नल जल मित्र की कार्यप्रणाली, उनकी भूमिका एवं प्रशिक्षण के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य द्वारा नल जल मित्र के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करते हुए इच्छुक हितग्राहियों को प्रशिक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक हितग्राहियों से आवेदन प्रपत्र भी भरवाए गए। नल जल मित्रों के प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं छोटी-मोटी तकनीकी समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान में मदद मिलेगी।

About The Author