आत्महत्या रोकथाम जागरूकता सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन की दी जानकारी
कवर्धा, 09 सितम्बर 2026/sns/- विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर 07 से 12 सितम्बर 2026 तक आयोजित आत्महत्या रोकथाम जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल कैलाश नगर, कवर्धा में विद्यार्थियों के लिए तनाव प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “चेंजिंग द नार्राटिव ऑन सुसाइड ” तथा “कॉल टू एक्शन रू स्टार्ट द कन्वर्सेशन ” रखी गई है। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. के. तुर्रे एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. के. के. धु्रव के तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुपमा तिवारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. विनोद चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि तनाव, चिंता अथवा किसी कठिन परिस्थिति के दौरान अपनी बात मन में दबाकर रखने के बजाय परिजनों, मित्रों, शिक्षकों अथवा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बात करना महत्वपूर्ण है। समय पर संवाद और सहयोग प्राप्त करने से मानसिक परेशानियों से बेहतर ढंग से निपटने में मदद मिलती है। दृष्टिकोण में बदलाव पर जोर देते हुए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक झिझक को दूर करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में खुलकर बात करना कमजोरी नहीं, बल्कि जागरूकता और समझदारी का परिचायक है।
कार्यक्रम में अवसाद, अत्यधिक चिंता, परीक्षा संबंधी तनाव एवं डर जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को तनाव की पहचान, सकारात्मक सोच, भावनाओं को साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम मे जिले से उपस्थित अधिकारी द्वारा बताया गया कि जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, मानसिक परेशानियों को लेकर चुप्पी एवं झिझक को कम करना तथा जरूरत के समय समय पर सहायता एवं परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना है।