सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी विष्णु बघेल के लिए संबल
सुकमा, 10 सितम्बर 2026/sns/- दूरस्थ वनांचल जिले सुकमा के ग्राम पंचायत बुड़दी में पक्के शौचालय का सपना पूरा तो हो गया था, लेकिन प्रोत्साहन राशि के अभाव में परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था। हितग्राही विष्णु बघेल ने व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय का निर्माण समय पर पूरा कर लिया था, मगर कागजी औपचारिकताएं उनके हक की राशि में आड़े आ रही थीं। जब महीनों इंतजार के बाद भी समाधान नहीं दिखा, तो उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी पहल “मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076“ पर अपनी व्यथा दर्ज कराई। यह एक कॉल आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा और शासन के प्रति विश्वास की मजबूत कड़ी साबित हुआ।
शिकायत दर्ज होते ही सुकमा जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सक्रिय हो गया। पड़ताल में सामने आया कि 3 जुलाई को शौचालय का जियो-टैग और 29 जुलाई को ग्राम पंचायत स्तर से राशि मांग का प्रस्ताव तैयार होने के बावजूद, पूर्णता प्रमाणपत्र के फोटोग्राफ पर सचिव के हस्ताक्षर न होने से फाइल आगे नहीं बढ़ सकी थी। प्रशासनिक अमले ने मामले को तुरंत संज्ञान में लिया और 21 अगस्त को सचिव के हस्ताक्षर की औपचारिकता पूरी करवाते हुए प्रकरण को सीधे जिला पंचायत कार्यालय तक त्वरित गति से पहुंचाया।
जिला प्रशासन की सजग निगरानी का ही परिणाम था कि शिकायत दर्ज होने के महज तीन दिन के भीतर यानी 24 अगस्त को राशि अंतरण की समूची प्रक्रिया पूरी कर ली गई। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए प्रोत्साहन राशि सीधे विष्णु बघेल के बैंक खाते में जमा करा दी गई। तकनीकी व लिपिकीय त्रुटियों को दरकिनार कर प्रशासन ने जिस गति और पारदर्शिता से अंतिम छोर के व्यक्ति को राहत पहुंचाई, उसने प्रशासनिक जवाबदेही की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है।
खाते में राशि पहुंचते ही विष्णु बघेल और उनके परिवार के चेहरे पर संतोष और खुशी लौट आई। उन्होंने त्वरित न्याय और सहायता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं सुकमा जिला प्रशासन का हृदय से आभार जताया। बघेल ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 ने यह सिद्ध कर दिया है कि शासन-प्रशासन हर ग्रामीण की आवाज सुनने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए सदैव तत्पर है।