गणेश पंडालों में अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील
कवर्धा, 11 सितंबर 2026/sns/- जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के आदेशानुसार गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना से बचाव के लिए जिले में स्थापित समस्त गणेश पंडाल एवं विसर्जन झांकी के आयोजकों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अग्निशमन विभाग द्वारा गणेश पंडालों में अच्छी विद्युत वायरिंग का उपयोग करने तथा यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि विद्युत वायर कहीं से कटा हुआ न हो। क्षमता से अधिक विद्युत भार का उपयोग करने से शॉर्ट सर्किट होने की संभावना रहती है, इसलिए विद्युत भार का विशेष ध्यान रखा जाए। विद्युत पैनल बोर्ड पंडाल से बाहर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाना चाहिए। अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक गणेश पंडाल एवं विसर्जन झांकी स्थल पर कम से कम 4-4 किलोग्राम क्षमता के 02 नग एबीसी टाइप फायर एक्सटिंग्विशर रखना सुनिश्चित करने कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आग पर नियंत्रण पाया जा सके।