पशु चिकित्सा विभाग की तत्परता से भैंस का सुरक्षित प्रसव, स्वस्थ बछड़े का जन्म

सुकमा, 11 सितम्बर 2026/sns/- जिला मुख्यालय सुकमा में शुक्रवार सुबह पशु चिकित्सा विभाग की तत्परता और चिकित्सकीय कुशलता से एक भैंस का सफल एवं सुरक्षित प्रसव कराया गया। भैंस पिछले करीब तीन घंटे से प्रसव पीड़ा से जूझ रही थी और बच्चा प्रसव मार्ग में फंस गया था। इसकी सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक डॉ. संदीप इंदुरकर ने तत्काल टीम गठित कर कृषक के घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पशु चिकित्सकों की टीम ने सूझबूझ और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाते हुए फंसे हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इस सफल प्रयास से न केवल जीवित और स्वस्थ बछड़े का जन्म हुआ, बल्कि प्रसव पीड़ा से जूझ रही भैंस को भी तत्काल राहत मिली। विभाग की त्वरित कार्रवाई ने एक ओर पशुपालक को बड़ी चिंता से उबारा, वहीं पशु चिकित्सा सेवाओं की तत्परता और संवेदनशीलता का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
 इस सफल प्रसव में पशु चिकित्सालय सुकमा से भुवाल नेताम, संतोष यादव, पवन बघेल एवं मड़कमी हूंगा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम की इस सराहनीय पहल से कृषक परिवार में खुशी का माहौल है। विभाग की इस त्वरित और मानवीय सेवा ने एक बार फिर संदेश दिया कि “सुरक्षित प्रसव, स्वस्थ बछड़ाकृसमृद्ध पशुपालक” ही पशुधन संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

About The Author