सुकमा में 3,200 से अधिक परिवारों के सपनों को मिली पक्की छत
सुकमा, 11 सितम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत संपूर्ण राज्य में शुक्रवार को 2 लाख से अधिक नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश का विशेष आयोजन किया गया। सक्ति जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की कड़ी में सुकमा जिले में भी 3,200 से अधिक परिवारों ने अपने नवनिर्मित पक्के आवासों में गृह प्रवेश कर अपने सपनों के आशियाने में नई शुरुआत की। यह अवसर जिले के ग्रामीण परिवारों के लिए सिर्फ नए घर में प्रवेश का उत्सव नहीं, बल्कि वर्षों के इंतजार के बाद मिले सुरक्षित छत, सम्मान और बेहतर भविष्य का उत्सव बना। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल ने वनांचल के जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं की पहुंच को और मजबूत किया है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आवास निर्माण को गति देने के लिए लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के तीनों जनपद पंचायतों सुकमा, कोंटा एवं छिंदगढ़ में आवास निर्माण की नियमित समीक्षा के साथ मैदानी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा निर्माण की प्रत्येक महत्वपूर्ण प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सुकमा में प्रशासन की यह सक्रियता हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए पक्के आशियाने के सपने को हकीकत में बदलने में महत्वपूर्ण साबित हुई है।
आवास निर्माण की राह में आने वाली व्यावहारिक और तकनीकी अड़चनों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवास चौपाल, विशेष अभियान, डीबीटी लिंकिंग, त्वरित जियो-टैगिंग, बैंकिंग कैंप एवं नियमित मैदानी निरीक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, आवास मित्र एवं ग्राम रोजगार सहायकों की सक्रिय भागीदारी से हितग्राहियों को आवास निर्माण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य तकनीकी पहलुओं के संबंध में निरंतर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इन समन्वित प्रयासों ने योजना के क्रियान्वयन को गति देने के साथ ही यह सुनिश्चित किया है कि शासन की आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक प्रभावी रूप से पहुंचे।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अन्य योजनाओं के साथ जोड़कर प्रशासन ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान के साथ स्वच्छता, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहा है। सुकमा में 3,200 से अधिक परिवारों का गृह प्रवेश प्रशासन की सतत निगरानी, विभागीय समन्वय और योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। ये पक्के आवास अब ग्रामीण परिवारों के लिए महज ईंट-गारे की संरचना नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्वाभिमान और खुशहाल भविष्य की मजबूत नींव बन चुके हैं। यही संकल्प हैकृ“मेरा घर, मेरा सम्मानकृहर परिवार का अपना पक्का आशियाना।”