एसबीआई आरसेटी में 15 दिवसीय पशु सखी प्रशिक्षण द्वितीय बैच सम्पन्न
बलौदाबाजार, 16 सितंबर 2026/sns/- एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), बलौदाबाजार द्वारा आयोजित 15 दिवसीय पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का बुधवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 सितंबर 2026 से शुरू हुआ था जिसमें कुल 30 पशु सखी दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पशुपालन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में उन्नत पशुपालन, पशुओं की उचित देखभाल, पशु स्वास्थ्य, पोषण, रोगों की पहचान एवं बचाव तथा ग्रामीण स्तर पर पशुधन विकास से संबंधित आवश्यक जानकारियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), पशु चिकित्सालय एवं डेयरी फार्म का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने आधुनिक एवं उन्नत पशुपालन पद्धतियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा पशुओं के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं देखभाल की बारीकियों को समझा।
प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों का असेसमेंट कार्यक्रम छत्तीसगढ़ आरसेटी असेसमेंट कंट्रोलर अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें ईडीपी असेसर सुरजीत कुमार गुहा एवं डोमेन असेसर डॉ. दिलीप कुमार सिंह देव द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। असेसमेंट में सभी 30 पशु सखी दीदियों ने सफलतापूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी 30 प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनने एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए संस्थान की ओर से टूलकिट भी प्रदान की गई। टूलकिट के माध्यम से प्रशिक्षित पशु सखी दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को आवश्यक सेवाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपनी आजीविका के नए अवसर विकसित कर सके।
समापन समारोह में अग्रणी जिला प्रबंधक शिव कुमार कंवर, आरसेटी निदेशक बैजनाथ कुमार, प्रशिक्षक पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. चंदन कुर्रे, आरसेटी संकाय सदस्य विक्टर कोशरिया,अमिश यादव तथा कार्यालय सदस्य अरुण कुमार उपस्थित रहे।