कोन्टा के वार्डों की आरक्षण प्रक्रिया 21 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सुकमा में, आम नागरिक भी रहेंगे मौजूद
सुकमा, 16 सितम्बर 2026/sns/- नगर पंचायत कोन्टा के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया 21 सितंबर 2026, सोमवार को सुबह 11 बजे जिला कार्यालय सुकमा के सभाकक्ष में होगी। आरक्षण कार्यवाही को व्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) ने आवश्यक तैयारियों के निर्देश जारी किए हैं। प्रक्रिया के दौरान आम नागरिक भी उपस्थित रहकर वार्ड आरक्षण की कार्यवाही प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे।
आरक्षण की पूरी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ नगरपालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिये वार्डों का आरक्षण) नियम 1994 के प्रावधानों के तहत की जाएगी। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर के 8 जुलाई 2026 के निर्देश के अनुरूप यह कार्यवाही संपन्न होगी। इसके लिए कलेक्टर को विहित प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
आरक्षण प्रक्रिया की जिम्मेदारी एसडीएम कोन्टा श्री सुभाष शुक्ला को नोडल अधिकारी और मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री झमन साहू को सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आरक्षण से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया गया है।
पारदर्शिता के लिए आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। नगर पंचायत कोन्टा क्षेत्र के इच्छुक नागरिक 21 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला कार्यालय सुकमा के सभाकक्ष में पहुंचकर आरक्षण प्रक्रिया देख सकेंगे। इस कार्यवाही के बाद नगर पंचायत कोन्टा के आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिए विभिन्न वार्डों की आरक्षण श्रेणी स्पष्ट हो जाएगी।