सेवा संकल्प अभियान के तहत महाविद्यालयों एवं स्कूलों में होगा ‘नमो सेवा गाथा’ का आयोजन

कवर्धा, 17 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले में जनभागीदारी एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाविद्यालयों एवं स्कूलों में ‘नमो सेवा गाथा’ (नुक्कड़ नाटक) का आयोजन किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को जनसेवा, सेवा भावना और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिला मुख्यालय कवर्धा में आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा के ऑडिटोरियम में ‘नमो सेवा गाथा’ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के अन्य महाविद्यालयों एवं स्कूलों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे।

विभिन्न महाविद्यालयों में निर्धारित तिथियों पर होंगे आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में ‘नमो सेवा गाथा’ के आयोजन की तिथियां निर्धारित की गई हैं। 19 सितम्बर को सहसपुर लोहारा एवं पिपरिया महाविद्यालय, जबकि 22 सितम्बर को कुई-कुकदूर एवं कुंडा महाविद्यालय में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 24 सितम्बर को आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कवर्धा (पीजी कॉलेज), कन्या महाविद्यालय कवर्धा, बोड़ला महाविद्यालय, झलमला महाविद्यालय, पंडरिया एवं पाण्डातराई कॉलेज में ‘नमो सेवा गाथा’ का आयोजन किया जाएगा।

स्कूलों में भी पहुंचेगा सेवा और संकल्प का संदेश

महाविद्यालयों के साथ जिले के विभिन्न स्कूलों में भी ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने के लिए नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा सकारात्मक जनभागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जिले में अधिक से अधिक युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जनसेवा की भावना और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देना है।

About The Author