‘आशीर्वाद का दीया’ बना ऊर्जा जागरूकता का संकल्प,

राजनांदगांव, 17 सितंबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करने तथा बिजली उपभोक्ताओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सीएसपीडीसीएल के राजनांदगांव क्षेत्रीय प्रशासनिक भवन परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया।

राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण, उपभोक्ता जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के साथ मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान तथा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी भी अधिकाधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। श्री मेश्राम कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि ऊर्जा के बेहतर उपयोग, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा उपभोक्ताओं को उनके लिए संचालित योजनाओं से जोड़ने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के समाधान के लिए राहत एवं सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि इन सभी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र उपभोक्ता समय पर पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

सीएसपीडीसीएल के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में घरेलू उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान तथा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना सहित उपभोक्ता हित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक शिविर में कम से कम 100 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही प्रतिमाह 200 यूनिट तक बिजली की खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को विशेष रूप से चिन्हित कर 2 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को यह भी बताया जाएगा कि वे अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार बिजली बिल में राहत का प्रावधान है। वहीं मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के समाधान के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार राहत दी जा रही है। सेवा सेतु शिविरों में बैंक प्रतिनिधियों एवं पंजीकृत सोलर विक्रेताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को सौर संयंत्र स्थापना, पंजीयन, वित्तीय सुविधा तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री मंगल तिर्की सहित राजनांदगांव क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर स्वच्छ ऊर्जा, हरित भविष्य, ऊर्जा संरक्षण और जागरूक उपभोक्ता का संदेश दिया। सीएसपीडीसीएल राजनांदगांव क्षेत्र ने घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान एवं मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के तहत अपनी पात्रता की जानकारी प्राप्त करें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। जनभागीदारी से ही ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और उपभोक्ता हित के इन अभियानों को व्यापक सफलता मिल सकती है।

About The Author