सेवा और सुशासन के संकल्प से जगमगाया मोहला

मोहला, 17 सितंबर 2026/sns/- सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिलेभर के चिन्हित स्थलों पर एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से जिला सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी के सामूहिक संकल्प से जगमगा उठा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जुड़े इस आयोजन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में करीब 11 हजार दीपों से स्टेडियम जगमगा उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजनांदगांव लोकसभा सांसद श्री संतोष पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गैंद कुंवर ठाकुर, जनप्रतिनिधि श्री अनिल गुप्ता, श्री रमेश हिड़ामें, श्री लक्ष्मेंद्र शाह, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी,कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री उज्ज्वल पोरवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, शासकीय कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर भारत के नक्शे की आकर्षक रंगोली बनाई गई, जो आयोजन का विशेष आकर्षण रही। रंगोली के माध्यम से प्रदेश की एकता और जनभागीदारी का संदेश प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। सांसद श्री संतोष पांडे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासकीय जिम्मेदारी संभालने के बाद से वे निरंतर जनता की सेवा और देश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की गति को बनाए रखते हुए गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। सांसद श्री पांडे ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा एवं क्षमता को अवसर देने के लिए अनेक पहल की गई हैं। ‘लखपति दीदी’ जैसे प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य हो रहा है, वहीं ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहल महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने स्वच्छता, किसान कल्याण, युवा शक्ति और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को भी विकास की व्यापक सामाजिक सहभागिता से जोड़ने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जिलेभर में एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए हजारों दीप सेवा, समर्पण, आशा और संकल्प के प्रतीक हैं। जब शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के साथ समाज की सक्रिय सहभागिता जुड़ती है, तो विकास का संकल्प जनआंदोलन का रूप लेता है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम इसी सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक दीप से दूसरे दीप का प्रकाश फैलता है, उसी प्रकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश भी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम जिलेवासियों के सामूहिक संकल्प, एकजुटता और जनभागीदारी का प्रतीक है। एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए दीप सेवा, समर्पण, सुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।

  • दीपों की रोशनी से जगमगाया जिला, विकासखंड मुख्यालय से गांवों तक हुआ दीप प्रज्ज्वलन

शाम 7 बजे जिला मुख्यालय के साथ जिले के विकास खंड मानपुर में इंद्रप्रस्थ स्टेडियम तथा अंबागढ़ चौकी में शिवनाथ नदी घाट पर, सभी चिन्हित स्थलों, शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवासों, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए गए। अनेक नागरिकों ने अपने घरों, दुकानों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई। इससे गांवों और शहरों में उत्सव एवं सामूहिक सहभागिता का वातावरण निर्मित हुआ। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीणों की बड़ी सहभागिता ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।

About The Author