ग्रामीण सहित सुदूर वनांचल क्षेत्रों में घर-घर प्रज्वलित हुआ आशीर्वाद का दीया

कवर्धा, 17 सितंबर 2026/sns/- कबीरधाम जिले के लाखों ग्रामीण परिवारों ने अपने घर-आंगन में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत लखपति दीदी सहित विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण के लाभार्थी परिवारों ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए। हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव, आर्थिक उत्थान, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसर मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया।

1 लाख 70 हजार 498 ग्रामीण परिवारों ने 125 दिनों के रोजगार के लिए जताया आभार

विकसित भारत जी राम जी योजना के 1 लाख 70 हजार 498 ग्रामीण परिवारों ने अपने घर-आंगन में दीप प्रज्वलित कर 125 दिनों का रोजगार तथा काम के बदले प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी भुगतान का प्रावधान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले में कुल 3 लाख 61 हजार 652 ग्रामीण इस योजना में पंजीकृत हैं, जिन्हें योजना के तहत रोजगार मिल रहा है। जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिले में निर्मित 111 अमृत सरोवर और 466 आजीविका डबरी के हितग्राहियों ने भी अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए। गत वर्ष प्रदेश में सर्वाधिक रोजगार पाने वाली जिले की 1 लाख 31 हजार 139 ग्रामीण महिलाओं ने भी दीप जलाकर गांव में मिले रोजगार के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।

94 हजार 58 परिवारों ने पक्का घर मिलने की खुशी में जलाया खुशियों का दीप

कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 86 हजार 920 परिवार, प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 6 हजार 14 परिवार एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 1 हजार 124 परिवारों को अपना पक्का आशियाना मिल चुका है। इस प्रकार कुल 94 हजार 58 ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास का लाभ मिला है। इन परिवारों ने पक्का घर मिलने पर अपने घरों में खुशियों का दीप जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जीवन की मूलभूत आवश्यकता पूरी होने और पक्के घर का सपना साकार होने की खुशी वनांचल क्षेत्र से लेकर जिले के मैदानी क्षेत्रों तक दिखाई दी। हितग्राही परिवारों ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर शासन की आवासीय योजनाओं से मिले लाभ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

47,560 लखपति दीदियों ने आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान के लिए किया नमन

कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत 10 हजार 623 महिला स्व-सहायता समूह विभिन्न व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े हैं, जिनमें 1 लाख 13 हजार 718 महिलाएं शामिल हैं। समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और गांव की अर्थव्यवस्था में भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान दे रही हैं। समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों से महिलाओं को आय के नए साधन मिले हैं। जिले में 47 हजार 560 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं ने अपने घरों में खुशियों के दीप प्रज्वलित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान में आए बदलाव के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वच्छता से मिले बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी प्रज्वलित किया दीप

कबीरधाम जिले में 88 हजार 213 ग्रामीण परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय का लाभ मिला है। घरों में शौचालय का निर्माण एवं उपयोग होने से कबीरधाम जिला खुले में शौच मुक्त हुआ है। घर-घर स्वच्छता का दायरा बढ़ने से स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा मिला है। शासन की योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए ग्रामीणों ने स्वप्रेरणा से ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। घरों में स्वच्छता के साथ जिले के 688 गांवों में कचरा कलेक्शन का कार्य प्रगतिशील है। वहीं 4,188 महिलाओं को स्वच्छाग्राही के रूप में चिन्हांकित किया गया है। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के तहत 62 ग्राम पंचायतों में कार्यरत 372 स्वच्छाग्राहियों ने भी अपने घरों में खुशियों के दीप जलाए।

योजनाओं से ग्रामीण भारत प्रगति की ओर अग्रसर-कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि केन्द्र शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण भारत प्रगति की ओर अग्रसर है। ग्रामीणों को पक्का आवास, विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से 125 दिनों का रोजगार, ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका संवर्धन की गतिविधियों में शामिल करना तथा स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीणों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर अपनी खुशियां साझा की हैं।

अंतिम छोर तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ-सीईओ जिला पंचायत

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए। शासन की योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। यही कारण है कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

About The Author