आशीर्वाद का दीया से जगमगाया जिले के अंतिम छोर का गांव
अम्बिकापुर, 18 सितम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार शाम लुण्ड्रा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रीरी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के अंतिम छोर पर बसे पहाड़ी कोरवा समुदाय के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा और सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पहाड़ी कोरवा महिला सुमित्रा के प्रधानमंत्री आवास में दीप प्रज्वलित कर किया गया। सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने सुमित्रा के पीएम आवास पहुंचकर दीप जलाया और इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर पहाड़ी कोरवा समुदाय के बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं सहित अन्य ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शाम करीब 7 बजे दीप प्रज्वलन के दौरान गांव दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया और उनकी स्थानीय परिस्थितियों एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया। दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ भोजन करने और दीप प्रज्वलित करने के इस कार्यक्रम को सामाजिक सहभागिता के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रीरी के सरपंच मंटोरिया टोप्पो सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों के बीच सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संदेश दिया गया। जिले के अंतिम छोर पर बसे पहाड़ी कोरवा समुदाय के बीच हुए इस आयोजन में ग्रामीणों की उत्साहजनक सहभागिता रही।