सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विद्यालयों में हुई ड्राइंग प्रतियोगिता

मुंगेली, 18 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शिक्षा विभाग, जिला मुंगेली द्वारा जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में विद्यालय स्तरीय ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 01 से हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता के लिए ‘सेवा’ (विगत 25 वर्ष) और ‘सपना’ (आगामी 25 वर्ष) विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों में स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, भारतीय सेना का शौर्य, नया कश्मीर, नक्सल मुक्त भारत, विकसित भारत 2047, महिला सशक्तिकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषयों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही स्थानीय, जिला एवं राज्य स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को भी चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों में उत्साह और रचनात्मकता का वातावरण देखने को मिला। नन्हे विद्यार्थियों से लेकर हायर सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों तक ने अपनी सोच के अनुरूप रंगों और रेखाओं के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और विकसित भारत की कल्पना को कागज पर उतारा। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में स्वच्छ एवं सुंदर भारत, तकनीकी रूप से सशक्त देश, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षित समाज और विकसित भारत की परिकल्पना जैसी भावनाएं प्रमुखता से दिखाई दीं। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्र निर्माण के विचारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय स्तर पर प्राप्त उत्कृष्ट चित्रों का चयन कर उन्हें आगामी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी गतिविधियों और भविष्य के भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का मंच मिला।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 19 सितंबर 2026 को जिले के विद्यालयों में ड्राइंग प्रदर्शन, भाषण प्रतियोगिता एवं पालक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा ‘सेवा’ एवं ‘सपना’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को अभियान एवं विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

About The Author