एक दिन में 13 यूनिट रक्तदान, सालभर में 809 यूनिट का संकल्प कृसुकमा में ‘सेवा मेरा योगदान’ की मिसाल

सुकमा, 18 सितम्बर 2026/sns/- जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला चिकित्सालय सुकमा के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अवसर पर जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, श्री नूपुर वैदिक, श्री दिलीप पेद्दी एवं श्री शोभम गंदामी सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। गुरुवार को जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदाताओं ने 13 यूनिट रक्तदान किया।
स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जिले में बढ़ती जागरूकता का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में आयोजित 9 वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 809 यूनिट रक्त जिला चिकित्सालय सुकमा के ब्लड बैंक में संग्रहित किया जा चुका है। एक ओर एक दिन में संग्रहित 13 यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सहयोग बना, वहीं दूसरी ओर 809 यूनिट का संचयी आंकड़ा जिले में रक्तदान के प्रति बढ़ती सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना को रेखांकित करता है।
 ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए हैं। रक्त की जरूरत वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में ब्लड बैंक में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। 13 यूनिट का यह योगदान और 809 यूनिट का अब तक का संग्रह सुकमा में सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मजबूत होती भावना की तस्वीर प्रस्तुत करता है।

About The Author