मृतक के परिजनों को मिली 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता
दुर्ग, 18 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने प्राकृतिक आपदा एवं दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 04-04 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चंदखुरी तहसील व जिला दुर्ग निवासी स्व. खेमराज देवांगन की 01 अक्टूबर 2023 को तांदुला नदी में गिरने से पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इसी प्रकार ग्राम नगपुरा निवासी स्व. पुनई बाई धनकर की 17 जून 2025 को शिवनाथ नदी के पानी में डूबने से, ग्राम अमेरी तहसील पाटन निवासी स्व. इन्दरमन ठाकुर की 17 अक्टूबर 2024 को नया तालाब में डूबने से तथा वार्ड 17 कादंबरी नगर दुर्ग निवासी स्व. अनिल बंसल की 25 सितंबर 2025 को ग्राम डोमा (पथरिया) स्थित शिवनाथ नदी एनीकेट अरसनारा पार करते समय पैर फिसलने से पानी में बह जाने के कारण डूबने से मृत्यु हुई थी। इसके अतिरिक्त ग्राम भाठागांव तहसील पाटन निवासी स्व. सेवक दास बारले की 12 मई 2025 को जहरीले सांप के काटने से मृत्यु हो गई थी।
कलेक्टर द्वारा शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों (आरबीसी 6-4) के अनुरूप स्व. खेमराज देवांगन की पत्नी श्रीमती प्रभा बाई देवांगन को, स्व. पुनई बाई धनकर के पुत्र नीलकंठ धनकर को, स्व. इन्दरमन ठाकुर की पत्नी श्रीमती संतोषी को, स्व. अनिल बंसल की पत्नी श्रीमती पायल बंसल को तथा सर्पदंश से मृत स्व. सेवक दास बारले की माता श्रीमती बरतनीन बारले को 4 लाख-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।