सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में जगमगाया विश्वास और उम्मीद
बीजापुर, 18 सितम्बर 2026/sns/- “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलेभर में दीप प्रज्वलित कर शांति, सेवा, सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिले के सभी 23 थाना परिसरों, सीएएफ के 25 कैम्पों, सीआरपीएफ के 83 कैम्पों तथा अन्य सुरक्षा बल कैम्पों में जवानों द्वारा दीप प्रज्वलित किए गए। इसके साथ ही पुनर्वास केन्द्र एवं रक्षित केन्द्र में भी “आशीर्वाद का दिया” प्रज्वलित किया गया।
मिनी स्टेडियम बीजापुर में हुआ विशेष आयोजन
मिनी स्टेडियम बीजापुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप द्वारा “आशीर्वाद का दिया” प्रज्वलित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, सुरक्षा, शांति एवं विश्वास के संकल्प को दोहराया।
करेगुट्टा क्षेत्र में विशेष आयोजन
करेगुट्टा क्षेत्र के विभिन्न सुरक्षा बल कैम्पों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर भी विशेष रूप से “आशीर्वाद का दिया” प्रज्वलित किया गया। जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र में शांति, सकारात्मकता एवं आपसी विश्वास की रोशनी फैलाने का संकल्प लिया। करेगुट्टा क्षेत्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत ताड़पाला हिल, ताड़पाला घाटी, ताड़पाला बेस, पुजारीकांकेर, कमलापुर, गुंजेपर्ती एवं नम्बी में सुरक्षा बलों द्वारा दीप प्रज्वलित किए गए। इन सभी स्थानों पर जवानों ने दीप जलाकर शांति, सेवा, सुरक्षा और विश्वास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
दूरस्थ एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा एक साथ दीप प्रज्वलित किया जाना सेवा, समर्पण और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। विषम परिस्थितियों में भी सुरक्षा बलों ने स्थानीय समुदाय के साथ विश्वास एवं आत्मीयता के संबंधों को और मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।