सेवा संकल्प अभियान के तहत गोद ग्राम डिगिमा में पौधरोपण और सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित

अम्बिकापुर, 19 सितम्बर 2026/sns/-  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अम्बिकापुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग एवं उन्नत भारत अभियान (UBA) प्रकोष्ठ द्वारा गोद ग्राम डिगिमा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। 19 सितंबर 2026 को विकासखंड अम्बिकापुर के ग्राम डिगिमा स्थित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, आदिवासी पारा परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, सेवा संकल्प शपथ एवं विद्यार्थियों के साथ प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अम्बिकापुर द्वारा सामाजिक सरोकार, ग्रामीण सहभागिता एवं संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत उन्नत भारत अभियान एवं ‘एक ग्राम गोद लें’ योजना के अंतर्गत ग्राम डिगिमा को गोद लिया गया है। इसी क्रम में ग्रामीण विकास, शैक्षणिक संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत किया पौधरोपण

कार्यक्रम के प्रथम चरण में शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, आदिवासी पारा डिगिमा परिसर में पौधरोपण किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं इंजीनियरिंग छात्र-छात्राओं ने श्रमदान करते हुए पौधरोपण के लिए गड्ढे तैयार किए तथा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। पौधरोपण के बाद पौधों में जल सिंचन भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ एवं उन्नत भारत अभियान के संदेशों से संबंधित चार्ट और तख्तियां प्रदर्शित कीं। शाला के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी दी गई, ताकि रोपे गए पौधे भविष्य में वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लिया सेवा संकल्प

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राथमिक शाला परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से सेवा संकल्प शपथ ली गई। इस दौरान समाज सेवा, सार्वजनिक स्वच्छता, जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों की सहायता, राष्ट्रीय एकता तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया गया।

नन्हे विद्यार्थियों से संवाद कर दी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की सीख
कार्यक्रम में इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्राथमिक शाला के बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया। बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने, स्वच्छता बनाए रखने, हाथ धोने की अच्छी आदत अपनाने तथा आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने के संबंध में सरल एवं उपयोगी जानकारी दी गई। महाविद्यालयीन दल द्वारा बच्चों को पेंसिल एवं अन्य शिक्षण सामग्री भी प्रदान की गई। शिक्षण सामग्री मिलने पर बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।

ग्रामीण विकास के लिए आगे भी जारी रहेंगी गतिविधियां
कार्यक्रम के माध्यम से एक ओर जहां शाला परिसर में हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। सेवा संकल्प के माध्यम से महाविद्यालयीन विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्व, राष्ट्र सेवा एवं जनकल्याण के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिला। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, इंजीनियरिंग छात्र-छात्राएं, प्राथमिक शाला के शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

About The Author