सेवा संकल्प अभियान: शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा से वंचित एवं विभिन्न परिस्थितियों के कारण पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शिक्षा से वंचित रहे बच्चों और उनके अभिभावकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, पारिवारिक परिस्थितियों और भविष्य के लक्ष्य के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान धानी जांगड़े ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़कर रोजी-रोटी के लिए जम्मू-कश्मीर जाना पड़ा था। घर वापस लौटने के बाद उन्होंने दोबारा पढ़ाई शुरू की और अब कक्षा 9वीं में प्रवेश लेकर अपनी शिक्षा जारी रख रही हैं।

इसी प्रकार प्रियंका निषाद ने कक्षा 9वीं तक नियमित पढ़ाई करने के बाद ओपन स्कूल के माध्यम से कक्षा 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। अब उन्होंने कक्षा 11वीं में प्रवेश लिया है और लगातार अपनी पढ़ाई जारी रख रही हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने प्रियंका से उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा, जिस पर उन्होंने डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। कलेक्टर ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

बड़े खैरा निवासी ध्रुव कुमार यादव ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें पढ़ाई छोड़कर हरियाणा के ईंट-भट्ठे में काम करने जाना पड़ा था। अब वे वापस लौटकर दोबारा शिक्षा से जुड़े हैं और इस वर्ष कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहे हैं।

कार्यक्रम में शिक्षा से वंचित बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षक भरतलाल सहित जिले के कुल 8 शिक्षकों को कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शामिल बच्चों को पुस्तक एवं पेन वितरित कर उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा से दूर हुए बच्चों को सहयोग और मार्गदर्शन देकर पुनः विद्यालय एवं शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला पंचायत सदस्य ज्योति पटेल, एसडीएम सारंगढ़ उमेश कुमार साहू, जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी नरेश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पीएम श्री स्कूल के शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

About The Author