आवेदनों का निराकरण कर योजनाओं का शत-प्रतिशत पहुंचाएं लाभ: मुख्य सचिव श्री विकासशील

मुंगेली, 21 सितंबर 2026/sns/- जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और आगामी सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के सफल आयोजन को लेकर मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों के आयोजन, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बताया गया कि जिले के तीनों विकासखंडों में ब्लॉक/तहसील स्तर पर सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुंगेली में 01 अक्टूबर, पथरिया में 05 अक्टूबर तथा लोरमी में 07 अक्टूबर 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य शासन की चिन्हित 26 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं को शिविरों में शामिल किया जाएगा। इनमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना, कृषि एवं सहायक उपकरण/उपकरण प्रदाय, पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला एवं मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना, छात्रवृत्ति एवं शिक्षा संबंधी योजनाएं, प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, स्वामित्व योजना, जाति निवास एवं आय प्रमाण पत्र, बी-1 नकल खसरा वितरण, ऋण पुस्तिका वितरण तथा राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्राप्त करने, पात्रता के अनुसार स्वीकृति प्रदान करने तथा राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों से पहले सभी विभाग आवश्यक तैयारियां पूरी करें और अपने-अपने विभाग से संबंधित हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शिविरों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले में सेवा सेतु अभियान की तैयारियों की जानकारी दी तथा विभागवार की जा रही कार्यवाही से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को जनहित में प्रभावी बनाने और शिविरों में आने वाले नागरिकों को योजनाओं का सहज लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author