सेवा सेतु संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों ने जल संरक्षण का लिया संकल्प

मुंगेली, 21 सितंबर 2026/sns/- जिले में 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा सेतु संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज ग्राम कंचनपुर स्थित लोटननाला जलाशय के आसपास ग्रामीणों द्वारा जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल के महत्व, जल संरक्षण की आवश्यकता तथा जलाशयों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि जल हमारे जीवन का आधार है और भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। वर्षा जल के संरक्षण, जल के अपव्यय को रोकने तथा जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इसके पश्चात ग्रामीणों द्वारा लोटननाला जलाशय के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जलाशय के आसपास बिखरे कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों ने जलाशय एवं उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने तथा भविष्य में जल स्रोतों में कचरा नहीं डालने का संकल्प लिया। ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम ने जनभागीदारी और सामुदायिक सेवा की भावना को मजबूत किया।

About The Author