पीएम जनमन: परदेशी राम बैगा का बना पक्का आवास
मुंगेली, 21 सितंबर 2026/sns/- लोरमी विकासखंड के ग्राम परसवारा निवासी परदेशीराम बैगा के लिए पक्का मकान केवल एक घर नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत है। कभी कच्चे मकान में बारिश के दिनों में परेशानियों के बीच जीवन बिताने वाले परदेशीराम का परिवार अब पक्की छत के नीचे सुकून से रह रहा है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत उन्हें पक्का आवास मिला है। परदेशीराम बैगा ने बताया कि पहले उनका घर कच्चा था। बरसात शुरू होते ही परिवार की चिंता बढ़ जाती थी। बारिश का पानी छत से टपककर सीधे घर के अंदर आता था, जिससे घर का सामान भीग जाता था और परिवार को काफी परेशानी होती थी। कच्चे मकान के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का डर भी हमेशा बना रहता था। कई बार रात के समय परिवार को डर के साये में रहना पड़ता था।
अब पीएम जनमन के तहत बने पक्के मकान ने उनकी वर्षों पुरानी चिंता दूर कर दी है। मजबूत छत और सुरक्षित दीवारों वाला घर मिलने से परिवार को मौसम की मार से राहत मिली है। बरसात के दिनों में छत से पानी गिरने की चिंता नहीं रहती और सांप-बिच्छू के खतरे से भी निजात मिली है। परदेशीराम के चेहरे पर अपने पक्के घर को लेकर संतोष साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना से मिला यह पक्का मकान उनके परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार बना है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।