स्मार्ट मीटर की जांच में मिली रीडिंग की सटीकता

खैरागढ़, 22 सितंबर 2026 /sns/- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए स्मार्ट मीटर की जांच की जा रही है। इसी क्रम में खैरागढ़ क्षेत्र के उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर की रीडिंग एवं बिजली बिल को लेकर दर्ज कराई गई शिकायतों की मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान स्मार्ट मीटर के साथ चेक मीटर लगाकर रीडिंग का मिलान किया गया, जिसमें सभी प्रकरणों में दोनों मीटरों की रीडिंग समान पाई गई। विद्युत विभाग द्वारा शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपभोक्ताओं के परिसर में चेक मीटर लगाकर स्मार्ट मीटर की वास्तविक रीडिंग की जांच की गई। उपलब्ध जांच प्रकरणों में स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में किसी प्रकार का अंतर नहीं पाया गया।
पहला प्रकरण – पुराना टिकरापारा, खैरागढ़
उपभोक्ता श्री पुरुषोत्तम यादव द्वारा बिजली बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। विभाग द्वारा 21 जुलाई 2026 को उनके परिसर में चेक मीटर लगाया गया। जांच में स्मार्ट मीटर की रीडिंग 13 यूनिट तथा चेक मीटर की रीडिंग भी 13 यूनिट पाई गई। दोनों मीटरों की रीडिंग समान एवं सही पाई गई। जांच के बाद श्री यादव ने विभाग की त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
दूसरा प्रकरण – इतवारी बाजार, खैरागढ़
उपभोक्ता श्री अशोक कुमार यादव द्वारा बिजली बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के सत्यापन के लिए 01 अगस्त 2026 को उनके परिसर में चेक मीटर लगाकर जांच की गई। जांच में स्मार्ट मीटर की रीडिंग 10 यूनिट और चेक मीटर की रीडिंग भी 10 यूनिट पाई गई। दोनों मीटरों की रीडिंग समान रही। उपभोक्ता ने जांच एवं शिकायत के उचित निराकरण पर संतोष जताया।
तीसरा प्रकरण – रामपुर नवागांव,
उपभोक्ता श्री पूरन राम वर्मा के परिसर में 20 जुलाई 2026 को स्मार्ट मीटर की रीडिंग की सत्यता की जांच के लिए चेक मीटर लगाया गया। जांच में स्मार्ट मीटर की रीडिंग 356 यूनिट तथा चेक मीटर की रीडिंग भी 356 यूनिट पाई गई। जांच के परिणाम से स्पष्ट हुआ कि स्मार्ट मीटर सही ढंग से कार्य कर रहा है।
चौथा प्रकरण – छुईखदान टिकरीपारा,
उपभोक्ता श्रीमती कली बाई के परिसर में भी 20 जुलाई 2026 को चेक मीटर के माध्यम से स्मार्ट मीटर की रीडिंग का सत्यापन किया गया। जांच में स्मार्ट मीटर की रीडिंग 356 यूनिट तथा चेक मीटर की रीडिंग भी 356 यूनिट पाई गई। दोनों मीटरों की रीडिंग समान रहने से स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की पुष्टि हुई |

खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आलोक कुमार दुबे ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं उनकी शंकाओं का समाधान विभाग की प्राथमिकता है। स्मार्ट मीटर की रीडिंग अथवा बिजली बिल को लेकर किसी उपभोक्ता को संदेह होने पर शिकायत की गंभीरता से जांच की जाती है और आवश्यकता के अनुसार चेक मीटर लगाकर मौके पर रीडिंग का सत्यापन किया जाता है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ क्षेत्र में किए गए इन प्रकरणों में स्मार्ट मीटर एवं चेक मीटर की रीडिंग समान पाई गई है। पारदर्शी तरीके से की गई इस जांच से उपभोक्ताओं को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिली और उनकी शंकाओं का समाधान हुआ।

श्री दुबे ने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को विश्वसनीय एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं को मीटर अथवा बिजली बिल से संबंधित किसी भी प्रकार की शंका होने पर विभाग के समक्ष शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि नियमानुसार जांच कर उनकी समस्या का उचित समाधान किया जा सके।

जांच में स्मार्ट मीटर की रीडिंग रही समान

इन चारों मामलों में चेक मीटर एवं स्मार्ट मीटर की रीडिंग का मिलान किया गया। सभी प्रकरणों में दोनों मीटरों से प्राप्त रीडिंग समान पाई गई। इससे संबंधित परिसरों में लगे स्मार्ट मीटरों की रीडिंग और कार्यप्रणाली का मौके पर सत्यापन हुआ। सीएसपीडीसीएल द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है। स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर किसी उपभोक्ता को शंका होने पर विभागीय स्तर पर शिकायत की जांच एवं आवश्यकतानुसार चेक मीटर के माध्यम से सत्यापन की व्यवस्था उपलब्ध है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं की शंकाओं का तथ्यात्मक, पारदर्शी एवं मौके पर परीक्षण के आधार पर समाधान करना है। विद्युत विभाग का कहना है कि उपभोक्ता की संतुष्टि, पारदर्शी बिलिंग और विश्वसनीय विद्युत सेवा विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि बिजली बिल अथवा मीटर रीडिंग से संबंधित किसी भी प्रकार की शंका होने पर निर्धारित माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि विभाग द्वारा आवश्यक जांच कर उचित समाधान किया जा सके।

उपभोक्ताओं ने जताया संतोष

जांच के बाद संबंधित हितग्राहियों ने विद्युत विभाग द्वारा मौके पर की गई जांच प्रक्रिया की सराहना की। उपभोक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग का चेक मीटर से मिलान किए जाने से उन्हें वास्तविक स्थिति की जानकारी मिली और उनकी बिल संबंधी शंकाओं का समाधान हुआ।

About The Author