कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

जांजगीर-चांपा, 22 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दायित्वों के समयबद्ध क्रियान्वयन करें।
कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल की समीक्षा करते हुए पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल शासन की प्राथमिकता है। इसके माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ ऑनलाइन सुगमता से मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा। अभियान के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कलेक्टर ने आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं भंडारण पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध अभियान चलाकर नष्टीकरण की कार्रवाई करने तथा अवैध शराब के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारियों से जिले में मरम्मत योग्य सड़कों की संख्या, उनकी मरम्मत के लिए की जा रही कार्रवाई, स्वीकृत सड़कों, टेंडर प्रक्रिया तथा कार्य प्रारंभ होने की संभावित समय-सीमा की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में रोजगार मेला एवं लोन मेला आयोजित करने की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत, रोजगार, उद्योग, बैंक सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने कहा, ताकि शिविर स्थलों पर अधिक से अधिक हितग्राहियों को रोजगार के अवसर एवं स्वरोजगार के लिए ऋण संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन सहित अन्य विभागों से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author