25 और 29 सितंबर को आयोजित होंगे जिला स्तरीय रोजगार मेले, 260 पदों पर होगी भर्ती

सुकमा, 22 सितम्बर 2026/sns/- जिले के शिक्षित और हुनरमंद बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, सुकमा द्वारा सितंबर माह में दो वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। यह दोनों आयोजन जिला रोजगार कार्यालय परिसर में पूर्वान्ह 11ः00 बजे से अपरान्ह 3ः00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय युवाओं के पास अपनी योग्यता के अनुरूप गृह जिले और अन्य प्रमुख शहरों में प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ जुड़कर करियर संवारने का यह शानदार मौका है।
   पहला जिला स्तरीय रोजगार मेला 25 सितंबर 2026 को आयोजित होगा, जिसमें प्रतिष्ठित नियोजक KAPSTON SERVICES Pvt. Ltd. द्वारा कुल 200 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। इसमें सिक्यूरिटी गार्ड के 150 पद तथा सुपरवाइजर के 50 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए चयनित महिला व पुरुष अभ्यर्थियों को रायपुर एवं हैदराबाद में पदस्थ किया जाएगा। वहीं दूसरा रोजगार मेला 29 सितंबर 2026 को आयोजित होगा, जिसमें SHRAMIN TALENT Pvt. Ltd. द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर तकनीशियन के 60 पदों पर पुरुष अभ्यर्थियों की सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं/स्नातक के साथ ITI (इलेक्ट्रीशियन) निर्धारित की गई है, और चयनित युवाओं को स्वयं सुकमा जिले के विभिन्न क्षेत्रोंकृसुकमा, कोटा, दोरनापाल, गादीरास, छिन्दगढ़, तोंगपाल और नेतानारकृमें कार्य करने का अवसर मिलेगा।
   इन दोनों रोजगार मेलों में भाग लेने के इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर स्वयं उपस्थित होना होगा। आवेदकों को अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड), जीवित रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, इन सभी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां (फोटोकॉपी) तथा पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ साथ लाना अनिवार्य है। जिला प्रशासन व रोजगार केंद्र द्वारा आयोजित यह भर्ती प्रक्रिया सभी अभ्यर्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोजगार मेलों से जुड़ी विस्तृत नियम-शर्तें और पात्रता की जानकारी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। आवेदक वेबसाइट पर विवरण देखने के साथ-साथ इन पदों के लिए अग्रिम ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं, जिससे मेले के दिन पंजीयन व साक्षात्कार प्रक्रिया सुगम हो सके। रोजगार विभाग ने सुकमा व आसपास के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दोहरे अवसर का लाभ उठाएं।

About The Author