सेवा संकल्प अभियान के तहत होगा सेवा महाकुंभ का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत होगा सेवा महाकुंभ का आयोजन
जरूरतमंदों के लिए छह प्रकार की सेवा में स्वेच्छा से योगदान दे सकेंगे नागरिक
रायपुर, 22 सितंबर 2026/ सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की भावना को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस महाअभियान के माध्यम से नागरिक अपनी इच्छानुसार विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनकर जरूरतमंदों के जीवन में सहयोग का माध्यम बन सकेंगे। सेवा महाकुंभ में नागरिकों को छह अलग-अलग प्रकार की सेवा गतिविधियों के माध्यम से अपना योगदान देने का अवसर मिलेगा।
सेवा महाकुंभ के अंतर्गत नागरिक रक्तदान, बुक ट्री, स्टेशनरी कलेक्शन, क्लॉथ गार्डन, टॉय बैंक तथा देहदान-अंगदान जैसी सेवा गतिविधियों में स्वेच्छा से सहभागिता कर सकेंगे। इन पहलों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराना तथा नागरिकों में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।
रक्तदान के माध्यम से नागरिक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दे सकेंगे। वहीं बुक ट्री के माध्यम से उपयोगी एवं अच्छी स्थिति की पुस्तकों का दान कर जरूरतमंद विद्यार्थियों और पाठकों तक ज्ञान की पहुंच बढ़ाई जा सकेगी। स्टेशनरी कलेक्शन के जरिए कॉपी, पेन एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।