सेवा संकल्प अभियान के तहत पांडातराई के प्राचीन कुंड में चला स्वच्छता अभियान

कवर्धा, 23 सितंबर 2026/sns/- स्वच्छ एवं सुंदर नगरी के निर्माण के साथ जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत नगर पंचायत पांडातराई में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही पंडरिया के चैपाटी में भी स्वच्छता अभियाना चलाया गया।
नगर पंचायत पांडातराई के वार्ड क्रमांक 01 स्थित संतोषी मंदिर के प्राचीन कुंड में जनप्रतिनिधियों एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने मिलकर सफाई अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान कुंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

About The Author