पीपीआर (PPR) टीकाकरण अभियान शुरू कलेक्टर और पशुधन विकास विभाग ने की शत प्रतिशत टीकाकरण की अपील

बीजापुर, 23 सितम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग द्वारा जिला बीजापुर के समस्त विकासखंडों (बीजापुर भैरमगढ़ भोपालपटनम और उसूर में भेड़ और बकरियों को सुरक्षित रखने के लिए 19 सितंबर 2026 से सघन पीपीआर ( PPR ) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है। पीपीआर (पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स) जिसे स्थानीय भाषा में बकरी प्लेग या कांटा बीमारी भी कहा जाता है एक अत्यंत संक्रामक विषाणु जनित रोग है। इसमें पशु को तेज बुखार मुंह में छाले नाक-आँख से गाढ़ा पानी बहना और गंभीर दस्त की शिकायत होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में एक बार संक्रमण फैलने पर  50% से  80%  तक बकरियों की मौत हो जाती है। ग्रामीण आजीविका के लिए बकरी पालन एक मुख्य जरिया है, इसलिए इस बीमारी से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। पशुधन विकास विभाग बीजापुर के मैदानी अमले सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों मोबाइल वेटनरी यूनिट और गौसेवकों के माध्यम से गांवों में जाकर 4 माह से अधिक उम्र के सभी स्वस्थ भेड़-बकरियों को मुफ्त टीका लगा रहे हैं। कलेक्टर श्री विश्वदीप और मुख्य कार्यपालन अधिकारी व उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बीजापुर ने जिले के समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय पशु औषधालय मोबाइल वेटनरी यूनिट ( MVU ) या अपने क्षेत्र के गौसेवक से संपर्क कर 20 सितंबर से चल रहे इस अभियान का लाभ उठाएं। ध्यान रखें कि केवल पूर्णतः स्वस्थ पशुओं को ही यह टीका लगाया जाना है। बीमारी आने से पहले किया गया बचाव ही पशुधन की सुरक्षा की एकमात्र गारंटी है।

About The Author