आवापल्ली में नवाचार की नई उड़ान

बीजापुर, 23 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर द्वारा शासकीय महाविद्यालय आवापल्ली (उसूर) एवं शासकीय औद्योगिक संस्थान आवापल्ली के सहयोग से स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, उद्यमिता के अवसरों तथा नवाचार आधारित विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

नए विचारों को नवाचार का रूप देने पर जोर

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए नए एवं रचनात्मक विचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि नवाचार आधारित विचारों को सही मार्गदर्शन और प्रयास के माध्यम से स्टार्टअप एवं उद्यम के रूप में विकसित किया जा सकता है। राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रस्तुत करने, उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान

शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शासकीय महाविद्यालय आवापल्ली तथा शासकीय औद्योगिक संस्थान आवापल्ली के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।

About The Author