सेवा संकल्प अभियान में 25 सितंबर को दिखेगा जनभागीदारी का रंग

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 24 सितम्बर 2026/sns/- जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर को दो बड़े आयोजन होंगे। अभियान के अंतर्गत नागरिकों में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 25 सितंबर को सारंगढ़ में प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान तथा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने दोनों आयोजनों को भव्य एवं प्रभावी रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सब्जी मंडी में प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान

25 सितंबर को सुबह 9 बजे सब्जी प्रांगण मंडी, सारंगढ़ में प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान आयोजित होगा। अभियान के माध्यम से प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। सब्जी खरीदने आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। “सेवा, मेरा योगदान” की भावना के साथ आयोजित यह पहल स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देगी।

रंगोली के रंगों में उभरेगा सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश

इसी दिन दोपहर 3 बजे पं. लोचन प्रसाद महाविद्यालय, सारंगढ़ में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी जैसे विषयों को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को रचनात्मक माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगातार विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी प्रयासों के साथ नागरिकों को जोड़ते हुए सेवा भावना को सामाजिक सहभागिता का स्वरूप देना है। 25 सितंबर के दोनों आयोजन इसी कड़ी में जिलेवासियों को “सेवा, मेरा योगदान” के संकल्प से जोड़ने का अवसर प्रदान करेंगे।

About The Author