फसल विविधीकरण की ओर बढ़े किसान श्री एवन साहू ने 56.5 एकड़ में अपनाई वैकल्पिक फसलों की खेती

राजनांदगांव, 24 सितम्बर 2026/sns/- शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसल लगाने वाले कृषकों को 15 हजार प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए सहकारी समिति के माध्यम से कृषकों को एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराना आवश्यक है। कृषक उन्नति योजना लाभ लेने के लिए डोंगरगांव विकासखंड ग्राम धौराभांठा के प्रगतिशील कृषक श्री एवन साहू ने खरीफ सीजन में पारंपरिक धान फसल के बदले अन्य वैकल्पिक फसल लगाया है। उन्होंने वैकल्पिक फसल के रूप में 30 एकड़ में कपास, 12 एकड़ में सोयाबीन, 12 एकड़ में रागी, 2 एकड़ में औषधी फसल एवं आधा एकड़ में अरहर की फसल लगाया है। किसान श्री एवन साहू ने धान फसल में अधिक जल मांग, कीट व्याधि का प्रकोप एवं बदलते मौसम के साथ लगातार आ रही उत्पादन में कमी को देखते हुए फसल परिवर्तन अपनाया है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित एवं जागरूक करने हेतु संचालित विशेष अभियान एवं कार्यशालाओं में भाग लिया। साथ ही क्षेत्रीय कृषि अधिकारियों के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर अपने खेत में धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाई है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों का बीमा भी कराया है।
किसान श्री एवन साहू ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा उनके खेत में सोयाबीन एवं रागी बीज उपलब्ध कराते हुए प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने दलहन-तिलहन एवं नगदी फसल भी लगाया है। किसान श्री एवन साहू अन्य किसानों को क्षेत्र में पानी की कमी और बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए अन्य वैकल्पिक फसल दलहन-तिलहन, मक्का, मोटे अनाज, अन्य सब्जी वाली फसल को लगाकर ज्यादा लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे है। किसान श्री एवन साहू रबी एवं ग्रीष्मकालीन में धान फसल नहीं लगाने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण किसानों जागरूक कर रहे है। साथ ही रबी सीजन में दलहन-तिलहन फसल के साथ नगदी फसल के रूप में औषधी फसल लगाने की तैयारी कर रहे है। इसके लिए आत्मा योजना अंतर्गत किसान श्री एवन साहू की औषधी फसल की उन्नत खेती एवं विक्रय हेतु बाजार की जानकारी देने के लिए शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने किसानों के हित में चलाए जा रहे विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

About The Author